भवानीगंज क्षेत्र के बयारा गांव में रोते विलखते मृतक मकसूद अहमद के परिजन।
भवानीगंज। थाना क्षेत्र के बयारा गांव निवासी एक युवक की शनिवार शाम बस्ती के लालगंज थाना क्षेत्र के महसो रामनगर कुआनो नदी में लाश मिली है। परिजन हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। उनका दावा है कि शव रस्सी से बंधा होने की बात सामने आई है।
वह 15 दिन पहले फेरी लगाकर प्लास्टिक का सामान बेचने का काम करने गया था, जबकि सात दिन से परिवार के लोगों से बात नहीं हो पा रही थी।
क्षेत्र के बयारा गांव निवासी मकसूद अहमद (25) पुत्र मोहम्मद हद्दीस का शव बस्ती में मिला है। उसके भाई शहजाद ने बताया कि उन्हें आशंका है कि मकसूद की हत्या की गई है। इस मामले में तहरीर देकर जांच की मांग करेंगे। आशंका है कि उसका हाथ बांधकर पानी में फंेका गया है। पहले वह मुंबई में पीओपी का काम करता था। 15 दिन पहले बयारा क्षेत्र के केवटली का रहने वाला लक्ष्मण उसे फेरी का काम करने के लिए बस्ती ले गया था, जबकि मालिक शिवकुमार भी केवटली का ही रहने वाला है। जब मकसूद से बात नहीं हो रही थी तो उन्होंने उन दोनों से बात की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।
पहली बार गया था फेरी करने, नहीं लौटा ः गांव में रविवार रात में शहजाद, महमूद रजा, एजाज अहमद उसकी मौत पर बात कर रहे थे। सभी आशंका जता रहे थे कि उसकी हत्या की गई होगी। सात माह पहले बलरामपुर जनपद के उतरौला थाना क्षेत्र के महदेइया निवासी किताबुल्लाह की पुत्री अजमतुन के साथ उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद मुंबई गया था और तीन माह बाद वापस आया तो केवटली के लोग उसे फेरी करने ले गए थे।
भवानीगंज क्षेत्र के बयारा गांव में रोते विलखते मृतक मकसूद अहमद के परिजन।