जिलाधिकारी के निरीक्षण में लोगों ने उठाई थी पानी की समस्या
एक माह की समस्या डीएम के एक निरीक्षण में हुआ समाधान
नगर के विजयनगर, कृष्णा नगर व अन्य मोहल्ले में पानी की सप्लाई का बुरा हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नगर के तीन मोहल्लों में एक माह से बेपटरी हुई जलापूर्ति व्यवस्था बुधवार रात पटरी पर आ गई। यह ऐसे नहीं हुआ जिलाधिकारी के सस्पेंड किए जाने की चेतावनी से हो पाया है। जलापूर्ति शुरू होने से विजय नगर और इंद्रानगर मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली है। दरअसल, जिलाधिकारी के निरीक्षण में वार्ड के लोगों ने पानी की समस्या बताई, जिसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने जलापूर्ति शुरू कराई है।
नगर के रेलवे स्टेशन से दूसरे छोर पर जलापूर्ति के लिए नगर पालिका के पीछे पंप लगा हुआ है। लेकिन एक माह से क्षेत्र में जलापूर्ति प्रभावित थी। विजय नगर, पूरब पड़ाव में जलापूर्ति के लिए लगा मोटर खराब होने से नगर के लोग पानी की समस्या से जूझ रहे थे। कभी-कभी टैंकर से पानी आपूर्ति की जाती थी।
बुधवार को डीएम डॉ. राजागणपति आर निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने समस्या बताई कि पानी के लिए काफी परेशानी हो रही है। इस पर डीएम ने संबंधित से कारण पूछा, लेकिन सही जवाब नहीं मिला। जिस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि शाम पांच बजे तक जलापूर्ति शुरू नहीं हुई तो छह बजे सस्पेंड करेंगे। जिलाधिकारी के इस फरमान के बाद एक माह से शिथिल कर्मचारी हरकत में आ गए। शाम को टैंकर से पानी पहुंचाया और रात में गोरखपुर से मोटर लाकर लगाया गया। इसके बाद जलापूर्ति शुरू हो गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। वार्ड की पड़ताल में लोगों बताया कि एक माह की किल्लत के बाद जलापूर्ति शुरू हो पाई है। मोहल्ले के लोगों ने कहा कि कार्रवाई के डर से ही हुआ है। नहीं तो कहते हुए परेशान थे कोई सुनने वाला नहीं था। इस संबंध में ईओ विंध्याचल ने बताया कि जलापूर्ति शुरू हो गई है। जल्द ही समस्या दूर हो जाएगी।
-
नगर में पानी की बहुत किल्लत है। काफी दिन से जलापूर्ति सही से नहीं हो रही है। इससे लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद पानी आया है।
-गंगाराम, विजय नगर
-
पूरे गर्मी पानी के लिए तरस जाना पड़ा। कई बार वार्ड के लोगों के साथ आवाज उठाने के बाद कोई नहीं सुन रहा था। रात में जलापूर्ति शुरू हुई तो राहत मिली।
-बुद्धिराम गुप्ता, इंद्रानगर