बढ़नी। नगर पंचायत में बढ़नी में स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत वार्ड नंबर एक अंबेडकर नगर में शुक्रवार को स्वच्छता चौपाल आयोजित की गई। इसमें वार्ड के लोगों को रोगों से बचने के लिए सफाई रखने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिशासी अधिकारी अजय कुमार ने होम कंपोस्टिंग के बारे में जानकारी दी। प्लास्टिक के दुष्परिणाम के संबंध में भी जागरूक करते हुए इसका प्रयोग न करने पर जोर दिया। नागरिकों से कहा कि आसपास सफाई रखें और गंदगी न फैलने दें। कहा कि क्या करने से बेहतर होगा, इसके लिए आप सभी सुझाव भी दे सकते हैं। साथ ही सूखे एवं गीले कूड़े को अलग-अलग डस्टबिन में रखने के प्रति सभी को जागरूक किया। नगर में साफ-सफाई से संबंधित शिकायतों के बारे में सफाई नायक को सूचित करें। साथ ही बताया कि खुले में शौच न करें, बल्कि शौचालय का प्रयोग करें ताकि हम बीमारियों से बच सकें। साथ ही कहा कि जन्म-मृत्यु प्रणाम पत्र 21 दिन के अंदर जरूर बनवा लें।
वार्ड सभासद सभासद निसार अहमद ने कहा कि सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के तहत सभी लोगों की जागरूकता जरूरी है। नगरवासियों को बताया गया कि वे कचरा को इधर-उधर नहीं फेंक कर कचरा बॉक्स में ही डालें। इस दौरान अधिशासी अधिकारी अजय कुमार, सभासद निसार अहमद और कंप्यूटर ऑपरेटर ऋषभ मोदनवाल, सफाई नायक आज्ञाराम, प्लंबर दुर्गा यादव, सेवानिवृत लाइनमैन श्रीनिवास आदि मौजूद रहे।