- 7 जून को गोल्हौरा क्षेत्र के श्रीबेलवा में हुई थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। गोल्हौरा पुलिस ने दस दिन पूर्व हुए विवाहिता की दहेज हत्या के मामले में आरोपी सास, ससुर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। थाने पर लाकर पूछताछ करके न्यायालय के सामने प्रस्तुत किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
बांसी कोतवाली क्षेत्र के गुलरहिया राजा निवासी राम रतन निषाद की पुत्री माया (22) की शादी मई 2023 में गोल्हौरा क्षेत्र के श्रीबेलवा निवासी राजाराम निषाद के पुत्र हरिश्चंद्र से हुई थी। माया की सात जून की देर शाम रस्सी के सहारे फंदे से लटकने से मौत हो गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतका के भाई रामसहाय निषाद की तहरीर पर सासु, ससुर, पति व दो ननद के विरुद्ध दहेज हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी।
मंगलवार को पुलिस ने माया के ससुर राजाराम निषाद व सास इंद्रावती पत्नी राजाराम को गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। शेष तीन अन्य के तलाश में पुलिस जुटी हुई है।