रिश्तेदारी में आए युवक ने बालक के साथ किया कुकर्म
- शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़/पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच वर्षीय बालक के साथ कुकर्म की घटना सामने आई है। मासूम के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
महराजगंज जिले के फरेंदा क्षेत्र का निवासी एक युवक शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में बहन के यहां रिश्तेदारी में आया था। उसके बहन के पड़ोसी ने आरोप लगाया है कि युवक ने शुक्रवार शाम को घर के बाहर खेल रहे उसके पांच वर्षीय पुत्र को बहला फुसलाकर घुमाने के लिए गांव के बाहर एक बगीचे में ले गया। जहां उसके साथ कुकर्म किया। बच्चे की हालत खराब है। परिजनों ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
शोहरतगढ़ थानाध्यक्ष पंकज पांडेय ने बताया कि पीड़ित बच्चे के पिता की तहरीर पर आरोपी के विरूद्ध कुकर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।