सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत बढ़नी स्थित वार्ड नंबर एक आंबेडकरनगर के मुडिला पोखरे के उत्तरी भीटे पर नगर पंचायत ने ओपन जिम के नाम पर बनवाए जा रहे निर्माण कार्य पर प्रभारी जिलाधिकारी जयेंद्र कुमार से नगरवासियों ने तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की है।
अखिल विश्व गायत्री परिवार बढ़नी इकाई के मुख्य ट्रस्टी डॉ. विश्वंभर सिंह व जगदीश नारायण जायसवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने श्रीवेदमाता गायत्री शक्तिपीठ के निर्माणाधीन व प्रस्तावित बाउंड्रीवॉल के सामने स्थित पोखरे के भीटे पर नगर पंचायत प्रशासन ने ओपन जिम के नाम पर बनवाए जा रहे निर्माण कार्य की शिकायत करने प्रभारी डीएम सीडीओ जयेंद्र कुमार से मिलकर लोगों ने बताया कि गायत्री शक्तिपीठ के मार्ग को अवरुद्ध करते हुए नगर पंचायत से मनमानी किया जा रहा था। इस संबंध में चेयरमैन सुनील गुप्ता से कई बार बातचीत भी की गई, किंतु उनके व अधिशासी अधिकारी अजय कुमार ने मनमानी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा गया।
उनका कहना है कि जिम का ना तो नगर पंचायत बोर्ड मीटिंग में सभासदों ने किसी भी प्रकार का प्रस्ताव दिया गया है, और ना ही शासन से स्वीकृति व टेंडर नोटिस ही किया गया। मनमानी तरीके से बन रहे व्यायामशाला को अन्यत्र बनवाने की बात नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील गुप्ता से किया गया था, परंतु उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। निर्माणाधीन व्यायामशाला के एक तरफ हनुमान मंदिर व दूसरी तरफ निर्माणाधीन गायत्री शक्तिपीठ की जमीन है। गायत्री शक्तिपीठ पर जाने के रास्ते को अवरुद्ध करते हुए ओपन जिम व्यायामशाला बनवाना न्याय संगत नहीं है। उन्होंने बताया कि यदि इस ओपन जिम व्यायामशाला का निर्माण नहीं रुकवाया गया तो गायत्री शक्तिपीठ व नगर के गणमान्य लोग अनशन को बाध्य होंगे।
इस दौरान डॉ. विश्वंभर सिंह, जगदीश नारायण जायसवाल, रामजी पांडेय, डॉ. राज नारायण उपाध्याय, विकास सिंह, प्रदीप कमलापुरी, दुर्गेश कमलापुरी, जयंत पांडेय, पंकज चतुर्वेदी, मनोज सोनी, शिवम मिश्र, सुनील श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।