संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बुद्ध बालिका डिग्री काॅलेज भीमापार में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान/मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला निर्वाचन अधिकारी पवन अग्रवाल ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे बच्चों को फार्म- 6 देकर किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी पवन अग्रवाल ने बताया कि 27 अक्तूबर से नौ दिसंबर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण/मतदाता पंजीकरण का कार्य चलेगा। पहली बार मतदाता बनने वालों के लिए फार्म-6, नाम हटाने के फार्म-7, निर्वाचक नामावली में प्रविष्टि विशिष्टियों की शुद्धि के लिए फार्म-8 बीलएओ भरेंगे, जो लोग 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं अथवा 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष पूर्ण कर रहे है वह फार्म-6 भरकर अपना पंजीकरण करा लें।
इसके लिए चार नवंबर, पांच नवंबर, 25 नवंबर, 26 नवंबर, दो दिसंबर तथा तीन दिसंबर को नए मतदाता का नाम जोड़ने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके बारे में लोगों को भी जागरूक करें। इन तिथियों में बीएलओ अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे।
मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन/टोल फ्री नंबर 1950 पर जानकारी/शिकायत कर सकते हैं। इस दौरान एसडीएम ललित कुमार मिश्र, तहसीलदार देवेन्द्र मणि त्रिपाठी, शीतल प्रसाद द्विवेदी, सुधीर श्रीवास्तव, रामकरन गुप्ता, बीएलओ शशिकला, गीता देवी उपस्थित रहीं।