लखनऊ में स्थित अमूल बनास डेयरी व रिटेल हाइपर मार्ट करेंगे अध्ययन
अध्ययन करने गए 45 छात्र विश्वविद्यालय को अलग-अलग सौंपेंगे रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के एमबीए के छात्र सोमवार को दो दिवसीय औद्योगिक शैक्षिक भ्रमण के लिए लखनऊ गए हैं। लखनऊ गए एमबीए विभाग के 45 छात्र अमूल बनास डेयरी व रिटेल हाइपर मार्ट का अध्ययन करेंगे। इसके लिए कुलपति हरि बहादुर श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया।
उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रम से छात्रों में एक नई उमंग बनती हैं। छात्र अपने अध्ययन के दौरान कुछ नया सीखने को पाते हैं। नई चीजों का अध्ययन करने से उसे अपने जिले में भी बढ़ावा मिलेगा। इससे लोगों को बाहर जाने के साथ-साथ कम लागत पर भी चीजें उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम में एमबीए के छात्र दो दिनों तक लखनऊ के औद्योगिक क्षेत्र के बारे में जानेंगे। इसमें गए छात्र अलग-अलग क्षेत्रों का चुनाव करके उसकी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को सौंपेंगे। साथ ही युवा यह भी जानेंगे कि इस तरह के बड़े कारोबार को ग्रामीणों क्षेत्रों में कैसे विकसित किया जा सकता हैं। सबसे पहले युवा अमूल दूध के उत्पादन के बारे में जानेंगे। इस दौरान वाणिज्य संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ, प्रो. नीता यादव, अजय कुमार सोनकर, डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. सुनीता त्रिपाठी, डॉ. कहकशां खान, मुस्ताक कुरैशी मौजूद रहे।