सिद्धार्थनगर। आयुष्मान भव के तहत लोटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को आयोजित स्वास्थ्य मेले में सदर विधायक अव्यवस्था को देखकर भड़क उठे। सीएचसी अधीक्षक को फटकार लगाने के साथ ही सीएमओ से फोन के जरिये शिकायत की और बोले के कार्यक्रम खानापूरी तक है। बिल बनाकर रुपये निकाले का काम हो रहा है, लेकिन यह बर्दाश्त नहीं है। जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। हालांकि, फटकार के बाद टेंट आदि की व्यवस्था की गई और मरीजों को देखा गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन में रविवार को आयोजित आयुष्मान भव कार्यक्रम का सदर विधायक श्याम धनी रही ने फीता काट कर उद्घाटन किया गया। इसके बाद विधायक अव्यवस्था को देखकर नाराज हो गए। जिसके संबंध में सीएमओ को फोन लगाकर अधीक्षक संतोष कुमार गुप्ता की शिकायत की। हालांकि मामला शांत हुआ और कार्यक्रम शुरू हुआ।
इस दौरान विधायक द्वारा आयुष्मान कार्ड भी वितरित किया गया। अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि सीएचसी, पीएचसी के साथ अब लोटन सीएचसी के अंतर्गत 13 हेल्थ व वेलनेस सेंटर पर भी स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बीसीपी एम रमाकांत चतुर्वेदी, डॉ. अमित कुमार चौधरी, डॉ. मनीष जायसवाल, डॉ. डीके राय, फार्मासिस्ट महेंद्र मिश्र, डॉ. हरिश चंद, बीपीएम आलोक सिंह आदि मौजूद रहे।