सिद्धार्थनगर। उसका थाना क्षेत्र के फतेपुर गांव के टोला धुसवा राजा में बृहस्पतिवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। कमरे में छत के कुंडे के सहारे फंदे से लटका उसका हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता के पिता ने मारपीट कर हत्या कर देने का मौखिक आरोप लगाया है।
गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज उर्फ हरनामपुर गांव निवासी झिनक के मुताबिक उन्होंने अपनी पुत्री उर्मिला (23) की शादी तीन वर्ष पूर्व सिद्धार्थनगर के उसका थाना क्षेत्र के फतेपुर गांव के टोला धुसवा राजा निवासी पिंटू से की थी। शादी के बाद से परिवार के लोग बेटी को प्रताड़ित करते थे। बृहस्पतिवार रात को बेटी के ससुराल वालों ने सूचना दी कि वह कमरे में छत के कुंडे के सहारे फंदे से लटक गई।
जिला अस्पताल में लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। झिनक ने मौखिक रूप से आरोप लगाया कि मारपीट कर बेटी की हत्या कर दी गई। इसलिए देर रात में सूचना दी गई। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है। जिला अस्पताल में मौत होने के कारण सदर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसओ उसका सत्येंद्र कुंवर ने बताया कि उन्हें घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। पता करवाते हैं और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।