शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के रमवापुर तिवारी गांव में हुई विवाहिता की मौत गले में खिंचाव आने के कारण हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक विवाहिता की फंदे से लटकने से ही मौत हुई है। दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को रविवार को चेतिया मोड से गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
थानाध्यक्ष राज कुमार पांडेय ने बताया कि शुक्रवार सुबह में रमवापुर तिवारी गांव के निवासी संगीता (23) पत्नी रंजीव उर्फ रामू की कमरे में छत के कुंडे के सहारे फंदे से लटका हुआ शव मिला था। मृतका के मायका थाना कठेला समय माता क्षेत्र के कोटिया दीगर गांव निवासी मृतका के पिता सतीश ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि शादी करने के बाद से पति रामू और उसके भाई और अन्य लोग मिलाकर प्रताड़ित करते थे और मारते-पीटते थे।
इस घटना में कोटिया दीगर निवासी दामाद के रिश्तेदार सुनील अपने पत्नी के साथ शामिल थे। शुक्रवार सुबह दहेज के लिए सभी लोगों ने मिलकर संगीता को मार डाला। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस संगीता के पति, जेठ व जेठानी और रिश्तेदार सुनील व इनके पत्नी के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि मृतका का पति रंजीव उर्फ रामू चेतिया मोड़ के पास है। मौके पर पुलिस टीम पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले में खिंचाव से मौत होने की पुष्टि हुई है, फंदे से लटक कर ही विवाहिता की मौत होना पाया गया है।