सीएचसी इटवा में पहुची आकाशीय बिजली से झुलसी महिला मजदूर।
सिद्धार्थनगर। कठेला समय माता थाना क्षेत्र के झकहिया गांव में सोमवार शाम खेत में रोपाई कर रही महिलाओं पर गरज के साथ बिजली गिर गई। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई। जबकि छह झुलस गईं। घायलों को इटवा सीएचसी ले जाया गया। सूचना पर एसडीएम इटवा, तहसीलदार अस्पताल पहुंच गए थे। जहां से फिर घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
क्षेत्र के झकहिया गांव की सात महिलाएं सोमवार की शाम करीब साढ़े तीन बजे खेत में धान की रोपाई कर रहीं थीं। इस दौरान हल्की बारिश हो रही थी और अचानक तेज गरज के साथ बिजली गिर गई। इससे राधिका (45) पत्नी चंद्रिका की मौके पर ही मौत हो गई। हेमा (35) पत्नी जगदीश, दुर्गावती (30) पुत्री सरजू, कानमती (40) पत्नी सरजू, सुनीता(40) पत्नी सुरेंद्र, संगीता (40) पत्नी राजाराम व शशि(45) पत्नी विनोद झुलस गईं। घायलों को सीएचसी इटवा पहुंचाया गया। वहीं, सूचना पर तत्काल एसडीएम करमेंद्र व तहसीलदार धर्मवीर भारती अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने घायलों का हाल जाना। डॉक्टरों ने सभी को खतरे से बाहर हैं, इलाज चल रहा है। एसडीएम व तहसीलदार अस्पताल से निकल कर घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। एसडीएम ने कहा कि हर संभव मदद दी जाएगी। उधर राधिका की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। घायल महिलाओं के परिजन भी परेशान हो गए हैं। हालांकि सभी घायल खतरे से बाहर हैं।