डुमरियागंजए। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में पिछले पांच दिनों के बाद बृहस्पतिवार को दोपहर बाद सूरज के दर्शन होने और हल्की धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली।
पिछले 5-6 दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच बृहस्पतिवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे हल्की धूप निकली तो लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। हालांकि बर्फीली हवाओं के कारण धूप बेअसर रही। गलन बनी रही व दिन में बीच-बीच में मौसम में उतार चढ़ाव बना रहा। बृहस्पतिवार को बुधवार की अपेक्षा ठंड कुछ कम रही सूरज की धूप में थोड़ी गर्माहट आई तो लोग छतों पर पहुंच गए, पर हवा के कारण अधिक देरी तक छत पर समय नहीं बिता सके। दोपहर दो से तीन बजे के बीच मौसम काफी अच्छा रहा। बृहस्पतिवार दोपहर को अन्य दिनों की अपेक्षा अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढोतरी दर्ज की गई। सड़कों पर आवागमन भी धूप निकलने के साथ बढ़ गया था।
डुमरियागंज स्थित कचहरी के बाहर तथा ब्लॉक परिसर में लोग खुले में खड़े होकर धूप सेकते दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड में कमी आएगी और मौसम सामान्य बना रहेगा।