कपिलवस्तु क्षेत्र के धर्मपुर शिवपुरा में खाद की दुकान की जांच करते जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह। ?
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
तीन दुकानदारों के लाइसेंस निलंबित, दो को नोटिस
सिद्धार्थनगर। बर्डपुर ब्लाक के धर्मपुर शिवपुरा में जिला कृषि अधिकारी ने बुधवार को खाद की दुकानों की जांच की। खामियां मिलने पर तीन दुकानदारों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। दो दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह ने बार्डर क्षेत्र की खाद की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। धर्मपुर चौराहे पर पांच दुकानों की जांच की। अनंत श्री ट्रेडिंग कंपनी में वितरण रजिस्टर नहीं मिला। गोदाम के अतिरिक्त गोदाम बनाया गया था। तीन जगह खाद रखी गई थी। एके ट्रेडर्स ने चौहद्दी के अतिरिक्त अन्य जगह गोदाम बनाया था। एआर ट्रेडर्स कंपनी के स्टॉक रजिस्टर में 1504 बोरी की जगह पीओएस मशीन में 1432 बोरी खाद पाई गई है। इन दुकानों के लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही की गई है। बंद मिली राज ट्रेडर्स कंपनी व राजकृषि सेवा केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि सीमाई क्षेत्र के किसानों से सूचना मिल रही थी कि बार्डर से सटी दुकानों से यूरिया नेपाल भेजी जा रही है। उसी क्रम में दुकानों की जांच की गई। अनियमितता पाए जाने पर तीन दुकानदारों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है और दो को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।