सरकारी अनाज के गबन में भाई समेत लेखपाल पर केस दर्ज
सिद्धार्थनगर। बाढ़ पीड़ितों में बंटने वाले अनाज को बिक्री की नीयत से बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के पिकअप में लादकर ले जाने के मामले में लेखपाल एवं उसके चचेरे भाई पर केस दर्ज हुआ है। एसडीएम सदर प्रदीप यादव ने उसका थाने में गबन का मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही लेखपाल को निलंबित कर तहसीलदार सदर को विभागीय जांच सौंपी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। केस दर्ज कर उसका पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
एसडीएम सदर प्रदीप यादव के निर्देश पर सदर तहसील में तैनात, शिकायतकर्ता नजमुल हसन की ओर से उसका थाने में तहरीर दी गई है। बताया गया कि बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा था। आरोप लगाया कि लेखपाल रामकरन गुप्ता ने केवटलिया गांव निवासी कुसुम के घर में वितरण के लिए रखे अनाज को आठ अक्तूबर रात लगभग 10 बजे पिकअप से ले जा रहे थे।
ग्राम प्रधान गोनहा की ओर से अवगत कराया गया कि रामकरन गुप्ता के माध्यम से पिकअप में लगभग 75 बोरी अनाज रखकर बाहर भेजा गया है। अनाज वापसी के लिए ग्रामीणों ने लेखपाल रामकरन गुप्ता को घेर लिया है। ग्रामीणों ने पूछा कि किसके आदेश से अनाज को लेकर जा रहे हैं तो वह न तो विभागीय आदेश दिखा सके और न ही सही जवाब दे पाए। मौके पर पहुंचकर एसडीएम की ओर से ग्रामीणों की से वार्ता की गई।
एसडीएम और गांव वालों से बातचीत हो रही थी कि इसी बीच लेखपाल ने अनाज को तहसील परिसर में भेजवा दिया। उसका पुलिस ने आरोपी लेखपाल रामकरन गुप्ता और सहयोग के मामले में चचेरे भाई शिवकुमार गुप्ता निवासी मधुकरपुर थाना सदर के खिलाफ गबन के आरोप में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, एसडीएम सदर ने इस मामले में लेखपाल को निलंबित करते हुए तहसीलदार सदर को विभागीय जांच करके रिपोर्ट देने को कहा है। इस संबंध में एसओ उसका राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बचा हुआ राशन भेजा था तहसील में
आरोपी लेखपाल रामकरन गुप्ता ने बताया कि उन्होंने बची हुई बाढ़ राहत सामग्री को तहसील परिसर में भेजा था। उन्होंने अपनी ग्रामसभा में अनाज का वितरण कर दिया था। दूसरे गांव के लोगों ने वाहन रोककर अनाज की मांग की, लेकिन दूसरी ग्राम पंचायत में अनाज वितरण करते तो नियम विरुद्ध हो जाता। जांच में सच्चाई सामने आएगी।
लेखपाल और उसके चचेरे भाई के खिलाफ उसका थाने में बाढ़ राहत सामग्री के गबन के मामले में केस दर्ज कराया गया है। उसे निलंबित करके विभागीय जांच तहसीलदार नौगढ़ को सौंपी गई है, उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरा मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में हैं और उनके दिशा-निर्देश पर कार्रवाई की गई है। -प्रदीप कुमार यादव, एसडीएम सदर