चोरी करने के बाद कमरे में बिखरा सामान।
सिद्धार्थनगर। नगर के सरोजनी नगर मोहल्ले में एसपी आवास से महज 150 मीटर दूरी पर स्थित एक घर का ताला तोड़कर चोर नकदी, आभूषण सहित पांच लाख रुपये से अधिक का सामान उठा ले गए हैं। किराए पर कमरा लेकर रहे रहे परिवार के लोग ईद मनाने के लिए गांव गए थे। लौटे तो घर में चोरी हो चुुकी थी। लौटने पर उन्होंने घटना की तहरीर दी है।
मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर तीन टोला मिठवल निवासी शबीना खातून पत्नी रियाज अहमद के मुताबिक डेढ़ वर्ष से वह सदर थाना क्षेत्र के सरोजनीनगर मोहल्ले में किराए पर कमरा लेकर रहती हैं।यहीं पर रहकर बच्चे को पढ़ाती हैं। ईद मनाने के लिए गांव चली गईं थीं। सोमवार को पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने सूचना दी कि कमरे का ताला टूटा हुआ है। यहां पहुंची तो देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ और सारे सामान बिखरे पड़े हैं। आलमारी सहित सबकुछ चोर तोड़ दिए थे। इसी में आभूषण रखा हुआ था। चोर सबकुछ उठा ले गए हैं। पांच लाख रुपये से अधिक की चोरी होने की अनुमान है। पीड़िता की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले की छानबीन की। महिला ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में शहर कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम मामले का पर्दाफाश करने के लिए लगा दी गई है।