बीएसए ग्राउंड पर आयोजित खो-खो प्रतियोगिता में विजेता टीम को सम्मानित किया गया।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
क्रीड़ा भारती ने कराई खो खो प्रतियोगिता
सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय खेल दिवस पर क्रीड़ा भारती एवं जिला खो खो एसोसिएशन की ओर से बीएसए मैदान में सोमवार को बेटियों के बीच खो खो प्रतियोगिता आयोजित की गई। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय उसका को हराकर शोहरतगढ़ की टीम विजेता बनी। खेल दिवस के मौके पर बेटियों के खेल के प्रति जज्बा दिखा और हौसले के साथ जीत के लिए पसीना बहाया।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की शोहरतगढ़ की टीम ने उसका को 12 अंकों के साथ विजेता खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता में 12 टीमों ने हिस्सा लिया।
जिलाविद्यालय निरीक्षक अवधेश नारायण मौर्य ने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कार एवं पदक प्रदान किया। उप जिलाधिकारी नौगढ़ एसडीएम प्रदीप कुमार यादव एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक श्रीप्रकाश ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के बारे में बताकर खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया।
क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष अरुण कुमार प्रजापति एवं जिला सचिव कैलाश मणि त्रिपाठी की देख-रेख में प्रतियोगिता हुई। खो खो संघ के जिला मंत्री सुरेंद्र श्रीवास्तव, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अरुण कुमार त्रिपाठी, एडवोकेट शेषमणि प्रजापति, समाजसेवी राकेश दत्त त्रिपाठी, गोविंद प्रसाद ओझा, महेश कुमार, पंकज पासवान मौजूद थे।