सिद्धार्थनगर। शहर में पांच करोड़ की लागत से पांच हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में कल्याण मंडपम का निर्माण होगा। कल्याण मंडपम में 500 लोगों की क्षमता वाले एक हॉल के साथ ही आठ से अधिक कमरे, शौचालय, स्नानागार आदि की सुविधा उपलब्ध होंगी। इसके निर्माण से शहरी क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर 25 हजार से अधिक परिवार की बेटियों की शादी यहां पर मुफ्त हो सकेगी। नगर पालिका ने परियोजना की स्वीकृति के लिए डीएम डॉ. राजागणपति आर के माध्यम से शासन को पत्रावली भेजी है।
वैसे तो नगर पालिका क्षेत्र में वर्तमान में चार विवाह घर है, लेकिन वहां पर आवागमन समेत अन्य सुविधाओं का अभाव है। इसमें एक विवाह घर पुरानी नौगढ़ में स्थित है, जहां दो मंजिला भवन में शुद्ध पेयजल व परिसर का अभाव है। साथ ही यहां आवागमन की सुविधा भी नहीं है। एक विवाह घर नगर पालिका कार्यालय के पीछे गांधीनगर मोहल्ले में स्थित जहां परिसर के अभाव और आवागमन समेत कई सुविधाएं नदारत है। इसी तरह सरोजनीनगर और शास्त्रीनगर मोहल्ले में बने विवाह घर में पार्किंग स्थल व परिसर का अभाव है। जिसके चलते यहां पर आयोजित होने वाले वैवाहिक समारोहों में द्वार पूजा समेत अन्य रीति रिवाज को करने के लिए स्थान की उपलब्धता नहीं है। इन समस्याओं को देखते हुए नगर पालिका की तरफ से शहर में एक बड़े व सभी सुविधाओं से सुसज्जित विवाह घर (कल्याण मंडपम) के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है। जिसे डीएम के माध्यम से स्वीकृति के लिए शासन को भेजा है।
निजी मैरिज हालों की तरह मिलेगी कल्याण मंडपम में सुविधाएं
शहर में पांच हजार वर्ग फीट में निर्मित होने वाला विवाह घर (कल्याण मंडपम) सभी सुविधाओं से सुसज्जित होगा। यहां पर निजी मैरिज हालों की तरह परिसर और कल्याण मंडप में हवादार बड़ा हाल व कमरे, आधुनिक शौचालय व स्नान घर, पेयजल के लिए वाटर कूलर, पानी की टंकी, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग समेत सभी सुविधाएं मुहैया रहेंगी। भवन के बाहर करीब एक बीघा में खुला घास का मैदान भी रहेगा। इससे कल्याण मंडप में विवाह, धार्मिक कार्यक्रम सहित सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन कराना काफी सुलभ हो सकेगा। कल्याण मंडप में कार्यक्रम की समाप्ति के बाद संबंधित आयोजनकर्ता को उसकी साफ-सफाई कर नगर पंचायत प्रशासन के सुपुर्द करना होगा।
50 हजार आबादी को मिलेगी सुविधा
कल्याण मंडपम के निर्माण से शहर की 50 हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा। शहर के लोग सस्ते दरों पर मांगलिक व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कल्याण मंडप का उपयोग कर सकेंगे। यहां पर आवागमन की बेहतर सुविधा के साथ ही वैवाहिक आदि कार्यक्रमों में खानपान समेत अन्य आयोजनों में सहूलियत होगी। दो मंजिला कल्याण मंडपम के निर्माण से गरीब परिवार के लोगों को निजी विवाह घर में खर्च होने वाली मोटी धनराशि की बचत होगी। इसके निर्माण से गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर कन्याओं का विवाह मुफ्त में करा सकेंगे। गरीब परिवार की बेटियों की शादी के लिए यह भवन निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
सुविधाओं के अभाव से घराती और बराती झेलते हैं सांसत
शहर के वर्तमान चार विवाह घरों में आवागमन, परिसर का अभाव एवं शुद्ध पेयजल व शौचालय की पर्याप्त सुविधा नहीं होने से दोनों पक्षों को दिक्कत होती है। घरातियों को जहां द्वारपूजा समेत अन्य वैवाहिक कार्यक्रमों को करने में मशक्कत करनी पड़ती है, वहीं बारातियों को भी सांसत झेलनी पड़ती है। पार्किंग की सुविधा नहीं होने से सकरी गलियों में स्थित विवाह घरों में वाहन खड़ी करने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। शहर निवासी दीपक गुप्ता कहते है कि नगर पालिका की तरफ से बने विवाह घर में सभी सुविधाएं होती तो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को विवाह कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सुविधा मिलती।
कोट
कल्याण मंडपम के निर्माण के लिए डीएम के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजा गया है, तहसील प्रशासन को भूमि उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा गया है। शासन से स्वीकृति के बाद इसका जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
-विंध्याचल, ईओ नगर पालिका