सुबह घर में बिखरा मिला सामान तो परिवार के लोगों को हुई जानकारी
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के भरवठिया मुस्तकहम गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के देवरिया चमन गांव में बृहस्पतिवार चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। जिसमें नकदी समेत कुल करीब चार लाख तक के जेवर चोरी कर फरार हो गए। पीड़ितों को सुबह जगने के बाद जानकारी हुई तो डायल-112 पर फोन पर सूचना दी। मामले पुलिस जांच में जुट गई है।
क्षेत्र के देवरिया चमन गांव निवासी रामभवन पांडेय, सूर्य नारायण पांडेय व सर्वजीत उर्फ व्याकुल चतुर्वेदी के घरों को चोरों ने निशाना बनाया। इन लोगों के परिवारों के सभी लोग खाना खाने के बाद सोने चले गए। चोरों ने रामभवन पांडेय के घर के पीछे लगे जंगले को तोड़कर, सूर्य नारायण पांडेय के घर के पीछे खिड़की का कुंडा तोड़कर व व्याकुल चतुर्वेदी के छत के रास्ते दरवाजा तोड़कर घर में घुसे। इन लोगों को घटना की जानकारी सुबह जगने के बाद हुई। जब घर के पीछे के खिड़की व जंगला टूटा दिखा।
राम भवन का 170 चांदी का सिक्का, पायल, मंगलसूत्र बीस हजार नकदी समेत कुल करीब चार लाख का नुकसान, सूर्यनारायण पांडेय सोने-चांदी के जेवर व दस हजार नकदी समेत कुल करीब दो लाख का नुकसान तथा व्याकुल चतुर्वेदी बीस हजार नकदी समेत सोने चांदी का जेवर आदि करीब चार लाख तक के नुकसान की बात बताई है। पीड़ितों ने घटना की तहरीर त्रिलोकपुर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर चंदन कुमार ने कहा कि तहरीर मिली जांच की जा रही है। जल्द चोरी के घटना का खुलासा किया जाएगा।