16 दिसंबर को हुई घटना, पीड़ित ने पुलिस पर लगाया कार्रवाई नहीं करने का आरोप
सिद्धार्थनगर। नगर के आभूषण कारोबारी की बाइक की डिक्की तोड़कर 90 हजार रुपये नकदी व करीब छह लाख रुपये का सोना चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना 16 दिसंबर की है। पीड़ित ने घटना की जानकारी 112 पुलिस को देते हुए थाने में तहरीर दी। पर घटना के चार दिन बीतने के बाद भी मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी कर रही है ऐसा पीड़ित ने आरोप लगाया है। व्यापारी का आरोप है कि कार्रवाई के बजाए खरीदे गए सोने की बिल मांग रही है।
राजकुमार निवासी पकड़ी थाना उसका की कोल्हुआ ढ़ाला पर राजकुमार ज्वैलरी की दुकान है। कारोबारी के मुताबिक 16 दिसंबर को वह शहर के एक स्वर्ण व्यापारी की दुकान से 95 ग्राम सोने के आभूषण, कटिंग पत्तियां, चांदी से बने सामान करीब एक किलोग्राम खरीदकर झोले में रखकर बाइक की डिक्की में रख लिया। वह शहर के सिंहेश्वरी मंदिर के पास दुकान पर आटा खरीदने बाइक खड़ाकर दुकान में चला गया। इसी दौरान बदमाशों ने डिक्की का ताला तोड़कर नकदी और सामान चुरा लिया। वह बाइक के पास पहुंचे तो डिक्की टूटी मिली और उसमें रखा सामान गायब था। इस संबंध में शहर कोतवाल गौरव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। व्यापारी से खरीदे गए जेवरात की बिल मांगी गई है। उन्होंने अभी तक उपलब्ध नहीं कराया है। मामले की जांच की जा रही है।