खुनुवां। नेपाल के पूर्व मंत्री व सांसद सुरेंद्रराज आचार्य ने केबलकार को कपिलवस्तु से अर्घाखांची जिले के सुपा देउराली मंदिर तक संचालित करने की जरूरत बताई है। वह कपिलवस्तु में बुद्ध भूमि नगर पालिका नंबर दो गोरुसिंगे में बृहस्पतिवार को आयोजित चौथे बुद्ध भूमि कृषि, व्यापार, सांस्कृतिक पर्यटन और औद्योगिक महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केबलकार परियोजना निर्माण पर्यटकों के लिए वरदान साबित हो सकती है। सुपा देउराली मंदिर में हर दिन हजारों भारतीय पर्यटक आते हैं। ऐसे प्रयासों से स्थानीय नागरिकों की आय में वृद्धि होगी। महोत्सव का शुभारंभ विभिन्न जातियों के नृत्य, पंचेबाजा और झांकियों के साथ हुआ। 150 स्टॉल वाला यह महोत्सव दो दिसंबर तक चलेगा।