- त्रिलोकपुर क्षेत्र के कोहड़ौरा गांव के पास हुई थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर क्षेत्र में कोहड़ौरा गांव के पास रविवार की रात सड़क हादसे में घायल युवक ने सोमवार की देर रात को दम तोड़ दिया। मृतक की मां ने मंगलवार को थाने में ट्रक चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।
क्षेत्र के बड़हरा विशुनपुर गांव निवासी चिनका देवी ने मंगलवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। तहरीर में बताया कि बेटा राम राज गिरी (22) 16 जून की रात को गांव निवासी युवक की बाइक पर बैठकर शादी का सामान लेने बिस्कोहर गया था। रात 10 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी कोहड़ौरा-सोहना मार्ग पर बड़हरा गांव के पास स्थित पुल के पास ट्रक ने टक्कर मार दिया था। हादसे में गंभीर रूप से घायल बेटे को इटवा अस्पताल ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल से राम राज को गोरखपुर के रेफर कर दिया गया था।
गोरखपुर से बेटे को लखनऊ रेफर कर दिया गया था, लेकिन रुपये कम होने के कारण उसे बलरामपुर में इलाज करा रही थी, जहां से डाक्टरों ने स्थित खराब बताते हुए घर भेज दिया था। सोमवार की देर रात के बाद घर में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।