- सीमा से सटे कपिलवस्तु जिले में हुई वारदात
- सिद्धार्थनगर जिले के कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र का था युवक
- देर शाम बाइक से टक्कर मारकर अपहरणकर्ताओं ने गिराया, फिर गाड़ी में भरकर ले गए थे बदमाश
संवाद न्यूज एजेंसी
कपिलवस्तु। भारतीय युवक की सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में बदमाशों ने पहले अपहरण किया फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने एक मस्जिद से शव को बरामद किया। बृहस्पतिवार को हुई इस वारदात मेें शुक्रवार को पुलिस ने तीन हत्यारोपियों को दबोच लिया। पूछताछ करके न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
सिद्धार्थनगर जिले के कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के पोखरभिटवा गांव निवासी जमाल अहमद (45) को बृहस्पतिवार शाम 4:30 बजे बिजुवा मायादेवी गाऊ पालिका बार्ड नंबर चार कपिलवस्तु से अपहरण कर लिया गया। पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली कि चार लोगों के समूह में शामिल आरोपियों ने भारत के सिद्धार्थनगर जिले के नंबर पर बाइक सवार अहमद के साथ मारपीट की। उसका अपहरण कर लिया और बिना नंबर वाले हरे ऑटो रिक्शा में उसे पिपरा गांव ले गए।
पुलिस के मुताबिक इसी सूचना के आधार पर बृहस्पतिवार की रात आरोपी मायादेवी दो अभिराव के अब्दुल अली मुस्लिम उर्फ रमजान, वहीं के नजामुद्दीन मुस्लिम उर्फ सुब्बा और अकरमुद्दीन मुस्लिम को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में बयान के आधार पर यह बात सामने आई है कि जब अपहृत जमाल को ऑटो रिक्शा में बिठाकर पिपरा बलुहवा होते हुए बदसुड़वा ले गए तो ऑटो खराब हो जाने पर अभियुक्त अकरमुद्दीन मुस्लिम ने एक बाइक पर अब्दुल अली और नजामुद्दीन मुस्लिम ने अपहृत जमाल अहमद को बिठाया और अभिराव के बाग में ले जाकर मारपीट की और हाथ पैर बांधकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद उन्होंने अभिराव के मदरसा इस्लाहुल मुस्लिमीन के कमरे को बंद कर ताला लगा दिया।
कपिलवस्तु पुलिस ने बताया कि उस सूचना के आधार पर जब पुलिस ने जमाल को मदरसे से बचाया तो उसकी मौत हो गई थी। कपिलवस्तु के पुलिस अधीक्षक नवरत्न पौडेल ने बताया कि आरोपी अब्दुल अली ने तीन साल पहले मृतक जमाल को पांच लाख रुपये दिए थे और पैसे नहीं लौटाने पर उसने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।