भारत-नेपाल सीमा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बढ़नी में गड्ढे में तब्दील।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
नेपाल को जोड़ने वाली राह में गड्ढे बने रोड़ा
बढ़नी। नेपाल जाने वाला मुख्य मार्ग पचपेड़वा चौराहे से बढ़नी कस्टम बैरियर तक गड्ढों में तब्दील हो गया है। लोगों की शिकायत के बावजूद पीडब्ल्यूडी इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। इससे स्थानीय लोगों में गुस्सा है।
बढ़नी मुख्य मार्ग से नेपाल के कृष्णानगर को जोड़ने वाली करीब 700 मीटर सड़क (भारतीय सीमा में) पूरी तरह टूट चुकी है। चार वर्षों से मरम्मत का कार्य नहीं होने से वाहनों से आने-जाने वालों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर के त्रिजुगी ने बताया कि सड़क को गड्ढा मुक्त करने के लिए कई बार विभाग को पत्र लिखा गया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कस्टम विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि यहां पर इतना पानी भर जाता है कि बैरियर के पास खड़ा होने पर वर्दी गंदे पानी से भीग जाती है। व्यापारी मनोज गोयल ने कहा कि यह नेपाल जाने वाली मुख्य सड़क है। प्रतिदिन सड़क से छोटे-बड़े लगभग 500 वाहनों का आवागमन होता है, इसके बावजूद विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।
एडवोकेट धर्मेंद्र पाठक ने बताया कि यह नेपाल जाने वाली मुख्य मार्ग के अलावा बाजार का भी मुख्य मार्ग है। इस पर रेलवे स्टेशन, कई गेस्ट हाउस, कस्टम विभाग सहित अर्र्द्धसैनिक बलों का भी ऑफिस है। उनके वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। गड्ढा युक्त सड़क अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अशोभनीय है। इस संबंध में अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग खंड इटवा प्रभात पांडेय ने बताया कि सड़क मरम्मत का कार्य 15 दिन के अंदर शुरू कर दिया जाएगा।