सिद्धार्थनगर। संयुक्त जिला चिकित्सालय के फिजीशियन डॉ. सीबी चौधरी ने बताया कि दिल के मरीज नियमित दवा खाते रहें और अपनी पुरानी दिनचर्या पर कायम रहें। इससे उन्हें नई परेशानी से दो-चार नहीं होना पड़ेगा। आसपास अगर बीपी की डिजिटल मशीन मिल जाए तो अपना बीपी चेक करा लें। बीपी घटने या बढ़ने पर तनाव न लें। दिल के 90 प्रतिशत मरीज भी तनाव के कारण परेशान हैं। वह नियमित दवा से और खानपान पर ध्यान रखकर बीपी को काफी हद तक कंट्रोल कर सकते हैं। बहुत परेशानी होने पर ही डॉक्टर को दिखाने निकलें वर्ना फोन पर राय लेकर ही काम चलाना कोरोना संक्रमण में बेहतर रहेगा। दिनचर्या, सोने-जागने का समय पूर्व की भांति रखें। खुद को आराम देते हुए पूरी नींद लें। संतुलित भोजन और आवश्यक दवाईयां लेते रहें। घर में टहलने, योग और कसरत का रुटीन बना लें। अगर पहले से आपका रुटीन है तो उसी समय पर फॉलो करें।