सिद्धार्थनगर। बेलसड़ स्थित रायल पैलेस होटल एवं बैंक्वेट हॉल को प्रशासन ने मंगलवार को सील कर दिया है। इसे आवासीय नक्शे पर बनाया गया था। कार्रवाई एसडीएम की अगुवाई वाली राजस्व विभाग की टीम ने किया। इसी होटल में एक सप्ताह पहले खाना खाने आई दंपति की छह साल की मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म की कोशिश हुई थी। इस मामले में होटल मालिक का भाई गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
घटना के बाद जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने होटल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके लिए प्रशासन को ज्ञापन दिया। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि दुष्कर्म की कोशिश की घटना के बाद ही होटल पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। सदर कस्बा निवासी इश्तियाक अहमद व शमसुद्दीन का रायल पैलेस होटल व बैंक्वेट हॉल है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एसडीएम सदर डॉ. ललित कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार विजय कुमार श्रीवास्तव, सीओ सदर अखिलेश कुमार वर्मा, शहर कोतवाल गौरव सिंह सहित बड़ी संख्या में फोर्स व राजस्व टीम होटल पर पहुंची।
एसडीएम ने बताया कि होटल आवासीय नक्शशे पर बनाया गया है। यह आमजन के लिए खतरनाक है। सील करने की नोटिस संचालक को दिया गया। इसके बाद पुलिस व राजस्व की टीम एक-एक कमरे की तलाशी ली। फिर उनमें ताला बंद किया। लगभग एक घंटे तक कार्रवाई चली। इस दौरान टीम ने 23 कमरों को सील किया। इसके बाद मुख्य द्वार व खिड़कियो को सील कर नोटिस चस्पा कर दी गई। मैनेजर को निर्देश दिया कि दोबारा होटल खोलने की कोशिश की तो कार्रवाई की जाएगी। इसकी जानकारी होने पर हर कोई यही कह रहा था कि यह वही होटल है, जहां एक सप्ताह पहले छह वर्षीय बच्ची से होटल मालिक का भाई दुष्कर्म की कोशिश किया था।
-
जनप्रतिनिधियों व संगठनों ने जताया था विरोध
होटल में छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश के मामले को विधायक श्यामधनी राही व पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने एसडीएम से मिले। उनसे कार्रवाई की मांग की। मुलाकात से छह दिन बाद ही यह कार्रवाई हुई है। साथ ही ब्राह्मण महासभा और विश्व हिन्दू महासभा के लोगों ने संयुक्त रूप से सोमवार को डीएम को सौंपा था। मामले में तत्वरित कार्रवाई की मांग की थी। होटल सील होने की जानकारी के बाद पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बयान जारी करके कहा कि ध्वस्तीकरण होने तक वह संघर्ष जारी रहेगा।
-
यह था मामला
एक व्यक्ति परिवार के साथ बीते सोमवार रात रायल होटल में खाना खाने के लिए गया था। परिवार खाना खा रहा था। वहीं, छह वर्षीय बेटी खेलने लगी। आरोप है कि इसी बीच होटल मालिक का भाई मासूम को फुसलाकर होटल के लिफ्ट में लेकर चला गया। उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश किया। इसकी जानकारी दंपती को हुई। फिर उन्होंने बेटी से पूछा उसने पूरी बात बता दी। उन्होंने इस मामले में पुलिस को तहरीर दिया। मिले तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट सहित अन्य धारा में केस दर्ज किया। मामले में चिल्हिया के अलीदापुर परैया निवासी जावेद को गिरफ्तार किया गया।
-
बोले जिम्मेदार
बेलसड़ में आवासीय नक्शे पर रायल पैलेस एवं बैंक्वेट हाल बना दिया गया था। जो आमजन के लिए खतरा हो सकता था। नियम विरुद्ध बनाने पर सील करने की कार्रवाई की गई है।
डॉ. ललित कुमार मिश्र, एसडीएम सदर