: शहर व कस्बों समेत गांव के चौराहों पर सजीं रंग व पिचकारी की दुकानें
: मिठाई की दुकानों पर रही भीड़, गुझिया और सब्जियों की बढ़ी खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर व कस्बों समेत गांवों तक के बाजार में होली का रंग चढ़ गया है। मिठाई व सब्जी दुकानों पर भीड़ रही और लोगों ने खूब खरीदारी की। मंगलवार को मनाई जा रही होली को लेकर लोग पहले से ही तैयारी करते दिखे। रविवार सुबह शहर की नवीन मंडी में स्थित सब्जी की दुकानों में अन्य दिनों की अपेक्षा खरीदारी करने वालों की तादाद अधिक रही। वहीं दोपहर से शाम तक बाजार में मिठाई की दुकानों पर भी खरीदारों की कतार लगी रही।
शहर के हाईडिल तिराहे के निकट सड़क किनारे राकेश की रंग व पिचकारी की दुकान पर दोपहर से ही अभिभावक बच्चों के साथ खरीदारी करते दिखे। इस बीच पिता के साथ आए एक बच्चे ने बंदूक जैसी पिचकारी खरीदने की जिद की। पिता ने बच्चे की जिद पर महंगी पिचकारी खरीदी। वहीं दोपहर से ही शहर के अंदर व हाईडिल तिराहा पर स्थित मिठाई की दुकानों में खरीदारी तेज रही। मिठाई में सबसे अधिक गुझिया की मांग रही। इसके साथ ही रसगुल्ला समेत अन्य मिठाई की भी खूब बिक्री हुई। वहीं सुबह नवीन मंडी में स्थित सब्जी की दुकानों पर कटहल, मटर, शिमला मिर्च, प्याज और टमाटर की बिक्री जोरों पर हुई। लोग त्योहार के पहले ही खरीदारी कर तैयारी पूरी कर लेना चाह रहे थे। मंडी में भीड़ का आलम यह था कि लोगों को बाइक खड़ी करने की जगह नहीं मिल रही थी। वहां से निकलने के दौरान जाम से जूझना पड़ रहा था।
पांच करोड़ की बिक गई रंग व पिचकारी
शहर व बांसी, शोहरतगढ़, इटवा, डुमरियागंज, बर्डपुर, बढ़नी, उसका समेत अन्य कस्बों समेत गांवों में लगी दुकानों से जिले में पांच करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हुई। एक-एक पिचकारी 1200 से 1500 रुपये तक में बिक रही थी। वहीं रंग व गुलाल वाले अनार, बम और राकेट भी बाजार में बिक रहे थे। इसके अलावा रंगों वाले स्प्रे भी बाजार में धूम मजा रहे हैं। व्यापारी नेता संजय कसौधन बताते हैं कि शहर व कस्बों में पांच करोड़ रुपये से अधिक के रंगों का कारोबार हुआ है।
-
मिठाई व कपड़े की बिक्री में आई तेजी
शहर के मुख्य बाजार स्थित कपड़े और मिठाई की दुकानों पर खरीदारी करने वालों की भीड़ रही। हाईडिल तिराहा स्थित मिठाई कारोबारियों की मानें तो अकेले शहर में स्थित दुकानों पर दो दिन में एक करोड़ रुपये से अधिक की मिठाई की बिक्री हुई है। इसी तरह होली के कपड़ों की बिक्री में तेजी आई है। साथ ही इस त्योहार पर बच्चों व परिवार के लिए लोग कपड़े की खरीदारी करते दिखे। कई ने त्योहार पर दूसरों को गिफ्ट देने के लिए भी कपड़े खरीद रहे थे।
चढ़ा होली का सुरूर, मस्ती में डूबे युवक व युवतियां
शहर से गांव तक होली का सुरूर लोगों के सिर पर चढ़ कर बोलने लगा है। चौराहों व दुकानों पर मौजूद लोग अभी से एक दूसरे को रंग से सराबोर करते दिख रहे हैं। यहां तक कि रंग खेल रहे लोगों की टोलियों से बचने के लिए रास्ता बदलकर निकल रहे हैं। रविवार को शहर के एक मैरिज हाउस में युवक एवं युवतियों की टोली होली के रंग में रंगकर मस्ती करती दिखी। लोग एक दूसरे को रंग और गुलाल डालकर डीजे पर बज रहे होली गीत पर डांस करते नजर आए।
-
हुई होलिका दहन, कल मनाई जाएगी होली
सिद्धार्थनगर। रिश्तों में मिठास घोलने के पर्व होली की शुरुआत रविवार रात को होलिका दहन से हो गई। लोगों ने बुराइयों की होलिका जलाकर सद्भाव से अच्छाई की कामना की। 26 मार्च दिन मंगलवार को होली मनाने की तैयारियां की जा रही है। शहर, कस्बे व गांवों में मुहूर्त के अनुसार लोगों ने होलिका दहन किया। पं. अंबरीष शुक्ल का कहना है कि परंपरा के अनुसार, होलिका को घर में लाया जाता है, इसे शुभ माना जाता है। इससे परिवार में सकारात्मकता का प्रवेश होता है। घर में सुख शांति रहती है।