सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बीईओ संतोष कुमार शुक्ल ने मंगलवार को ब्लॉक एआरपी व नोडल शिक्षक संकुलों के साथ बैठक की। जिसमें निपुण भारत मिशन के तहत विद्यालयों को निपुण बनाने के साथ-साथ विभाग द्वारा संचालित अन्य गतिविधियों की समीक्षा की गई। बीईओ संतोष कुमार शुक्ल ने ब्लॉक क्षेत्र के आठ न्यायपंचायत के नोडल शिक्षक संकुल को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों के प्रधानाध्यापक विद्यालयों में बच्चों के नामांकन पर जोर दें। बच्चों के अभिभावकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से सरकार द्वारा प्रेषित की गई धनराशि का सदुपयोग करने के लिए उन्हें प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय निर्देशों का पालन करते हुए विद्यालय को निपुण बनाने में लापरवाही न बरतें अन्यथा उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। इस दौरान एआरपी मनोज कुमार यादव, कल्पना, मुस्तन शेरूल्लाह, नोडल शिक्षक संकुल राजेश त्रिपाठी, संतोष कुमार चौधरी, रमेश चन्द्र उपाध्याय, लाल बहादुर आदि मौजूद रहे।