- इटवा क्षेत्र के करहिया पुल पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। इटवा कस्बे की तरफ से जा रहे बाइक चालक को डुमरियागंज की तरफ से आ रहे बाइक चालक ने शनिवार को टक्कर मार दी। इसके चलते इटवा की तरफ से आ रहा बाइक चालक अनियंत्रित हो गया। वह तीसरे बाइक चालक को चपेट में लेते हुए सड़क के पूरब स्थित खाई में चला गया। हादसे में तीनों जख्मी हो गए। उन्हें इटवा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक गोंडा जिले के थाना खोड़ारे के ग्राम सिकौथा निवासी इरशाद पुत्र बुच्चे किसी कार्य से इटवा आ रहा था। अभी वह करहिया पुल के आगे ढाबा पार कर ही रहा था कि सामने से आ रहे बस्ती जनपद के परशुराम थाने के ग्राम नेदुला निवासी रईस पुत्र मोहम्मद हुसैन से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में एक अन्य बाइक चालक भी चपेट में आ गया। इसी बीच सूचना पर पहुंची इटवा पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी इटवा भिजवाया। जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने रईस व इरशाद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि इरशाद की सुरक्षा हेलमेट के चलते हुई। नहीं तो किसी अनहोनी से इन्कार नहीं किया जा सकता है। इस संबंध में एसओ संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी है, लेकिन तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।