-दूसरों से अपने बच्चों की तुलना न करने का दिया सुझाव
कहा, कंपटीशन के दौरान चुनौतियों के लिए न लें तनाव, पहले मन को करें तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा में सफलता के लिए शैक्षणिक संस्थानों से सीधे ऑनलाइन जुड़कर छात्रों को सुझाव दिए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सामाजिक तनाव पर छात्र-छात्राओं को बताया कि किसी कार्य को करने के लिए पहले अपने मन को तैयार करें। उसके बाद धीरे-धीरे पढ़ने के समय को बढ़ाएं। इससे उन्हें कम समय में ही सफलता मिलेगी।
लाइव संवाद के दौरान मेडिकल कॉलेज के तीन सौ विद्यार्थी जुड़े। साथ ही जिले के लगभग पांच लाख से अधिक छात्र, शिक्षक व अभिभावक ने परीक्षा पर चर्चा को ऑनलाइन सुना। सबसे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम के स्थान पर छात्रों की लगाई प्रदर्शनी देखी। उसके बाद केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। उसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने तनाव दूर करने के लिए छात्र-छात्राओं को सुझाव दिए। अच्छे नंबर लाने के लिए पढ़ाई में धीरे-धीरे समय बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि पहले दिन सभी छात्र सात पेज पढ़ें। उसके अगले दिन दो पेज और बढ़ा लें, जिससे आप लोग जल्द ही ज्यादा से ज्यादा पेज पढ़कर उसको आसानी से याद कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान मित्रों को कंपटीशन करें, लेकिन वह अधिक नंबर ला रहा है तो आप और तैयारी करके उनसे अधिक नंबर लाने का प्रयास करे। अभिभावकों को किसी भी अन्य बच्चों से अपने बच्चों की तुलना नहीं करना चाहिए, जबकि आपके बच्चे को जिसमें रुचि है, उस पर ध्यान देना जरूरी है, जिससे आपके बच्चों को सफलता आसानी से मिलेगी।
परीक्षा पर चर्चा के दौरान माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में सांसद जगदंबिका पाल, प्राचार्य एके झा, डॉ हस्मतुल्लाह खान, अभिलेष श्रीवास्तव मौजूद रहे।
-
बोले छात्र
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद परीक्षा को लेकर मन से भय खत्म हो गया है। प्रतिदिन तैयारी करने से परीक्षा में हमें सफलता के साथ अच्छे अंक भी प्राप्त होंगे।
-सौरभ शुक्ला, छात्र
शिक्षा एक ही दिन में पढ़ कर खत्म करने वाले चीज नहीं है। परीक्षा की तैयारी के लिए प्रधानमंत्री के दिए मंत्र से परीक्षा आसान हो जाएगी।
-शंभ्वी श्रीवास्तव, छात्रा
छात्रों के लिए परीक्षा देना सबसे कठिन विषय होती है, लेकिन परीक्षा में प्रधानमंत्री के दिए गए मंत्रों से परीक्षा आसान लग रही है। प्रतिदिन पढ़ने से परीक्षा आसान हो जाती है।
-सराह खान, छात्रा
-
मन को तैयार करने से हम किसी भी कार्य को आसानी से कर सकते है। प्रधानमंत्री के परीक्षा में मन की बात से और तैयारी करने की टिप्स से परीक्षा आसान लगने लगी है।
-अभिषेक शुक्ला, छात्र