सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर नगर विकास एवं उर्जा मंत्री एके शर्मा ने लोहिया कला भवन में कामगारों (विश्वकर्मा समाज) में टूल किट का वितरण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विश्वकर्मा समाज के कामगारों, हस्तशिल्पियों के उत्थान के लिए बजट दिया है, जिससे उनके हुनर को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज के कम पढ़े लिखे कामगार, हस्तशिल्पियों को प्रमाण देने की आवश्यकता नहीं है उनका कार्य ही प्रमाण है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत प्रशिक्षण दिलाकर उनके हुनर को बेहतर बनाने के साथ प्रमाण पत्र, निशुल्क टूल किट उपलब्ध कराया जा रहा है।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की दिशा व दशा को बदलने का कार्य किया है। पहले हमें गांवो से ही पत्तल, कुल्हड़, कुर्सी मेज, कृषि औजार आदि मिल जाते थे, क्योंकि गांव में ही कुम्हार, बढ़ई, दर्जी, लोहार होते थे आज वह विलुप्त होता जा रहा है।
कार्यक्रम में स्वरोजगार के लिए स्वीकृत ऋण का चेक वितरित किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, डीएम संजीव रंजन, सीडीओ जयेंद्र कुमार, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीसी मनरेगा रविशंकर पांडेय, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने लगाया झाड़ू
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर जिले के प्रभारी और नगर विकास, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, सांसद जगदंबिका पाल ने नगर पालिका के मलिन बस्ती शास्त्रीनगर, वाल्मीकिनगर वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई अभियान का शुभारंभ करते हुए झाड़ू लगाकर वार्ड के निवासियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई से शरीर स्वस्थ रहता है। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, जिलाधिकारी संजीव रंजन, मुख्य विकास अधिकारी जयेंद्र कुमार, ईओ विंध्याचल उपस्थित रहे।
वृद्धाश्रम में वस्त्र वितरित किया
जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने अपना घर (वृद्धा आश्रम) में अंगवस्त्र एवं फल वितरित किया। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने माता-पिता की देखभाल करनी चाहिए। जहां बुजुर्ग माता-पिता हों वह अपना ही घर कहलाता है। उन्होंने बुजुर्गों से आर्शीवाद लिया एवं शहर के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद नगर पालिका में प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों को चाबी, पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र तथा आयुष्मान भव: के तहत लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया।