सरकार को जनता की चिंता, होगी पूरी मदद : स्वतंत्र देव
बांसी। बाढ़ से गरीब मजदूर व वंचित समाज को कोई दिक्कत व परेशानी न हो, इसके लिए हमारी सरकार चिंतित है। आपके साथ आपकी सरकार है। ये बातें जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने तहसील क्षेत्र के सूपा राजा गांव के हाट बाजार में कहीं। वह बुधवार को भगौतापुर के बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने आए थे।
उन्होंने कहा कि यह सीजन बाढ़ का नहीं था, परंतु अचानक आई इस बाढ़ में लोगों को दिक्कत हुई है। आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आप की चिंता है। आपके साथ सरकार के साथ प्रशासन के लोग खड़े हैं। उन्होंने सूपा बाजार हाट में आए भगौतापुर के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री सौंपी। इस अवसर पर विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, सांसद प्रतिनिधि अभिषेक पाल, जिला पंचायत प्रतिनिधि उपेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजीव रंजन, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद, सीडीओ, एसडीएम प्रमोद कुमार, विधायक प्रतिनिधि जोगी मिश्र, आनंद मणि त्रिपाठी, राम शरण मौर्य, विष्णू जायसवाल सोनू आदि मौजूद रहे।
---
भगौतापुर नहीं जा सके मंत्री
जल संसाधन मंत्री आए थे भगौतापुर गांव के बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने, परंतु वह भगौतापुर नहीं पहुंचे। एनएच-233 पर स्थित सूपा राजा गांव के बाजार हाट में प्रशासन ने भगौतापुर गांव के बाढ़ पीड़ितों को बुला लिया था। वहीं जल संसाधन मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री सौंपी और चले गए।