खेसरहा थाना क्षेत्र के बसडीला गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सकारपार। खेसरहा थाना क्षेत्र के बसडीला गांव के टोला केवटहिया में बुधवार रात संदिग्ध हालात में पंखे से दुपट्टे के सहारे युवती का लटका हुआ शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के बसडीला गांव के टोला केवटहिया निवासी इंद्रावती (19) पुत्री मंगरू बुधवार रात में खाना बनाकर परिजनों को खिलाई। उसके बाद घर के बरामदे में अपनी मां गुलाबी के साथ सो गई। सुबह उसका शव बरामदे से सटे कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकता हुआ मिला। मृतिका के पिता मंगरू ने बताया की सुबह जब उठे तो उसे नहीं देखा। उसके बाद कमरे में जाने लगे तो दरवाजे में कुंडे अंदर से लगी थी। लेकिन हल्का सा धक्का देने के बाद दरवाजा खुल गया। अंदर देखा तो इंद्रावती का शव पंखे से लटक रहा था। चीख-पुकार सुनकर अगल बगल के लोग भी पहुंच गए।
सूचना मिलते ही सीओ बांसी सतीश चंद्र पांडेय, खेसरहा थाना इंचार्ज रामा प्रसाद यादव, फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और शव को पंखे से उतार कर कानूनी कार्रवाई में जुट गए। खेसरहा थाना इंचार्ज प्रभारी रामा प्रसाद यादव ने बताया की मृतका के पिता मंगरू ने लिखित सूचना दी है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।