सिद्धार्थनगर। बांसी कोतवाली क्षेत्र के बांसी-खलीलाबाद मार्ग पर स्थित समोगरा चौराहे के पास ट्रक ने बृहस्पतिवार को साइकिल सवार कक्षा नौवीं की छात्रा को चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक और उस पर काम करने वाला क्लीनर पकड़ा गया। जबकि चालक फरार हो गया है।
बांसी नगर क्षेत्र से सटे ग्राम समोगरा निवासी विजय शर्मा की 14 वर्षीय पुत्री रोशनी शर्मा तिलक इंटर कॉलेज बांसी में कक्षा 9 की छात्रा थी। प्रतिदिन की तरह बृहस्पतिवार को भी विद्यालय गई थी। विद्यालय से करीब शाम चार बजे घर जाते समय जैसे ही वह अपने गांव के निकट बांसी-खलीलाबाद मार्ग पर समोगरा चौराहे के निकट बोरिंग नंबर 10 के पास पहुंची। इस दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे कुचल दिया। इस हादसे में घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पाते ही कोतवाल अनुज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और लाश का पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल अनुज कुमार सिंह का कहना है कि मृतका तीन बहन और एक भाई है। ट्रक को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया है। घटना को अंजाम देने के बाद ड्राइवर फरार हो गया है, जबकि ट्रक का क्लीनर गिरफ्तार कर लिया गया है।