गोल्हौरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है मामला, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के एक गांव में सात वर्षीय बालिका से छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी बालिका की मां ने बताया कि शुक्रवार को बेटी चौराहे पर बाजार करने गई थी। रास्ते में सड़क के किनारे ग्राम चेतियवा निवासी मो. हुसेन उर्फ जाफर अली अपने मुर्गी फार्म पर था। वह बेटी को पकड़कर छेड़खानी करने लगा और पैसे देने की भी बात कही। पकड़ ढीली देखकर बालिका उसे दांत से काटते हुए भागकर घर पहुंच गई।
जब उसकी मां मो. हुसेन के पास शिकायत लेकर पहुंची तो उसने उसे जातिसूचक गाली देकर व धमकाकर भगा दिया। शनिवार को पीड़ित बालिका की मां ने घटना से संबंधित तहरीर पुलिस को दी है। इसपर मुकामी थाने की पुलिस ने छेड़खानी करने एससी-एसटी एक्ट तथा पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बलजीत कुमार राव ने कहा कि आरोपी की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।