सोहना बदलिया मार्ग पर ट्रक और बाइक की टक्कर में मृतक पुष्पा मौर्या की फाइल फोटो।
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सोहना-बदलिया मार्ग पर स्थित सुकालाजोत गांव के पास ट्रक ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। बाइक सवार युवती की मौत हो गई, जबकि भाई जख्मी हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक उपचार के बाद भाई को घर भेज दिया गया। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।
क्षेत्र के बुढ़ऊं गांव निवासी पुष्पा मौर्य (22) पुत्री भीखी अपने भाई सदल मौर्य के साथ शनिवार को रिश्तेदारी में इटवा थाना क्षेत्र के हंसुड़ी औसानपुर गई थी। सोमवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह भाई के साथ बाइक से बुढ़ऊं गांव के लिए निकली थी। सुकालाजोत गांव के पास सड़क के बगल रखे पुवाल व कूड़े में बाइक फंस गई और दोनों गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने चपेट में ले लिया। पुष्पा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सदल को हल्की चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। मौके से चालक ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। त्रिलोकपुर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर सूर्य प्रकाश सिंह ने कहा कि मृतक पुष्पा के पिता भीखी मौर्य की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।