डुमरियागंज ब्लॉक परिसर में बैठक करते भाकियू कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
छुट्टा पशुओं को गोशाला में भेजने की मांग
डुमरियागंज। डुमरियागंज स्थित ब्लॉक परिसर में भारतीय किसान यूनियन अंबावता के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को मासिक पंचायत आयोजित की गई। इसमें किसानों से जुड़ीं समस्याओं पर चर्चा की गई। छुट्टा पशुओं को गोशाला में भेजने की मांग की गई। मांगों के समर्थन में बीडीओ को ज्ञापन सौंपा गया।
ब्लॉक अध्यक्ष सालिक राम चौधरी ने कहा कि ग्राम पंचायत हिसामुद्दीनपुर के प्राथमिक विद्यालय में 187 बच्चे नामांकित हैं। यहां केवल दो अध्यापक व एक शिक्षामित्र की तैनाती है। यहां अध्यापकों की संख्या बढ़ाई जाए। इसके अलावा विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में खुली बैठक कर योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी जाए। बैठक में अमृत सरोवरों की मानक सहित सूची उपलब्ध कराई जाए। छुट्टा पशु फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस पर अंकुश लगाते हुए पशुओं को गोशाला में भेजा जाए। कहा कि अगर मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
साथ ही पूर्व मंत्री मलिक कमाल यूसुफ के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की गई। इस मौके पर ईश्वरी प्रसाद मिश्र, सुभाष तिवारी, यार अली, मलिक सलाहुद्दीन, ओम प्रकाश चौधरी, सुदामा यादव, अंगद वर्मा, रामजी, भरत भुवाल आदि मौजूद रहे।