घायल को पुलिस वाहन में लादते एसपी अमित कुमार आनंद।
बर्डपुर। सिद्धार्थनगर थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव मोड़ के पास एनएच पर अनियंत्रित होकर टकराने से दो बाइकों पर सवार दो छात्रों समेत चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे एसपी अमित कुमार आनंद ने पुलिस कर्मियों के सहयोग से घायलों को पुलिस वाहन से जिला अस्पताल भेजवाया। इसमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चिल्हिया थाना क्षेत्र के गुलजार नगर निवासी रिजवान जहीर 10वीं की परीक्षा दे रहा है। वह बर्डपुर से परीक्षा देकर बाइक से एक साथी के साथ लौट रहा था। विशुनपुर मोड़ पर दूसरी बाइक से टकरा कर सड़क पर गिर गया। दूसरी बाइक पर सवार सिद्धार्थनगर थाना के नौगढ़डीह निवासी रेहान भी 10वीं की परीक्षा देकर एक साथी के साथ घर जा रहा था। दोनों घायल हो गए। दोनों छात्रों को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि दो अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सदर थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंच कर घायल को जिला अस्पताल पर इलाज के लिए भेज दिया है। दोनों बाइक को कब्जे में लेकर चौकी लाया गया है।
ट्रैक्टर व ई-रिक्शा में टक्कर, दो हुए घायल
उसका बाजार। थानाक्षेत्र के उसका-धानी मार्ग पर सोमवार को लक्षनपुर के पास ट्रैक्टर व ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। ई-रिक्शा सवारी लेकर उसका से धानी की तरफ जा रहा था, जबकि ट्रैक्टर उसका की तरफ आ रहा था। टक्कर होने के बाद ई रिक्शा पलट गया, इसमें सवार दो लोग घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक मौके से ट्रैक्टर छोड़ भाग गया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी उसका पहुंचाया। घायलों में जिले महराजगंज के रामनगर, केवटहिया गांव निवासी शिवसागर के पैर व शारदा के सिर में चोट लगी है। शिव सागर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।