सिद्धार्थनगर। जिले में बुधवार को नेपाली नागरिक सहित पांच लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दो दिन अंतराल के बाद एक ही दिन पांच लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई तो स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना संक्रमित हुए लोगों के घर दस्तक देना शुरू किया। कोशिश है कि कोरोना संक्रमित हुए लोगों के संपर्क में आने वाले लोगों की जांच हो जाए ताकि कोरोना संक्रमण की चेन टूटती जाए।
बढ़नी पीएचसी में हुई जांच में नेपाली नागरिक सहित दो लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। नेपाली नागरिक नेपाल चला गया, जबकि बार्डर क्षेत्र के दूसरे व्यक्ति को होम आइसोलेट किया गया है। इसी प्रकार सीएमओ कार्यालय में एक स्वास्थ्य कर्मी की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। इस रिपोर्ट के बाद सीएमओ कार्यालय में बचाव के उपायों पर चर्चा तेज हो गई।
बांसी में एक, मिठवल और नौगढ़ में एक-एक लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जिले में बुधवार को सात पॉजिटिव हुए लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई, जबकि छह लोग कोरोना पॉजिटिव है। इस बार जिले में 20 से अधिक लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। महामारी रोग विशेषज्ञ समीर कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 425 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई, जबकि 556 लोगों की रिपोर्ट बृहस्पतिवार को प्राप्त होगी।