खजुरिया मार्ग निर्माण में अतिक्रमण बाधा, एसडीएम की अगुवाई में हुई नपाई
चेतावनी दिया, पांच दिन में खुद नहीं तोड़े तो प्रशासन बुलडोजर से हटाएगा अतिक्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर के सबसे व्यस्त खजुरिया मार्ग के चौड़ीकरण के लिए बुधवार को तहसील एवं नगर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने को पैमाइश कर चिन्हांकन किया। पुलिस बल की मौजूदगी में पैमाईश व चिन्हांकन के बाद लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए पांच दिन की मोहलत दी गई। एसडीएम नौगढ़ डॉ. ललित कुमार मिश्र ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के लिए पैमाइश कर अतिक्रमण हटाने को चिन्हांकन किया गया है। निर्धारित समय में स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन की तरफ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
शहर के प्रमुख मार्ग में शामिल खजुरिया रोड कई वर्ष से अतिक्रमण का शिकार रहा है। इसी अतिक्रमण के चलते सड़क किनारे नाली नहीं बनने से जलभराव के कारण सड़क टूटकर गड्ढों में बदल गई है। इस सड़क से ही शहर की बड़ी आबादी कलक्ट्रेट, विकास भवन समेत अन्य सरकारी कार्यालयों तक आवागमन करती है। पिछले चार वर्ष से क्षतिग्रस्त हो चुकी इस सड़क से वर्तमान में गुजरना बहुत कठिन हो गया है। नगर पालिका की तरफ से इस सड़क के चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिसकी स्वीकृति भी मिल गई है। नगर पालिका और तहसील प्रशासन की तरफ से बुधवार को इस सड़क किनारे हुए अतिक्रमण के लिए पैमाइश की गई। इस दौरान खजुरिया मार्ग पर कुछ दूरी तक किनारे अतिक्रमण करने वाले 60 दुकानों एवं मकानों को चिह्नित किया गया। इससे पूर्व सड़क के कुछ हिस्से की पैमाइश के दौरान भी अतिक्रमण करने वाले 25 मकानों को चिन्हित किया गया है। इस दौरान नायब तहसीलदार विजय श्रीवास्तव, कानूनगो शीतल प्रसाद द्विवेदी, लेखपाल सुधीर श्रीवास्तव, अशोक कुमार मौजूद रहे।
13 मीटर चौड़ी होगी सड़क
तहसील एवं नगर पालिका प्रशासन ने खजुरिया रोड के चौड़ीकरण के लिए 13 मीटर चौड़ाई चिह्नित किया है। इसके तहत सड़क के बीच से दोनों तरफ 6.5-6.5 मीटर की चौड़ाई में पैमाइश की गई है। जिसमें सात मीटर चौड़ाई में सड़क का निर्माण किया जाएगा। साथ ही शेष भूमि में सड़क किनारे नाली एवं पटरी का निर्माण किया जाएगा।