खुनुवां। नेपाल के घोराही उप-महानगरीय शहर नंबर-नौ दांग के खैरा में शंगरीला प्लाई उद्योग में आग लग गई है। रविवार देर रात करीब दो बजे लगी आग पर सोमवार सुबह तक काबू नहीं पाया जा सका है। मुख्य जिला अधिकारी कृष्ण प्रसाद लमसाल ने बताया कि जिले भर से दमकल गाड़ियां और टैंकर लाकर आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। आग बुझाने के लिए नेपाल सेना, नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय लोगों को तैनात किया गया है। मुख्य जिला अधिकारी लमसाल ने बताया कि चूंकि आग वाले क्षेत्र के पास एक बस्ती है, इसलिए निवासियों को उनके घरों से निकालने और बस्ती को बचाने का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि बांके, रूपनदेही और कपिलवस्तु जिले से भी दमकल गाड़ियां मंगाई गई हैं। संवाद