शोहरतगढ़। नेपाल की पहाड़ी नदियों का पानी बानगंगा नदी में आने से जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है, लेकिन बानगंगा नदी अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। महथा गांव के दक्षिण तरफ बने रिंग बांध का हिस्सा कटकर नदी में विलीन हो गया। कटान देखकर आसपास के आधा दर्जन गांव वालों में दहशत है। लोग रात में जगकर बांध की निगरानी कर रहे हैं।
क्षेत्र के महथा,गजहड़ा,बौढ़ारी,लेदवा,मड़वा नहरी आदि क्षेत्र के ग्रामवासी आसिम नैय्यर,राकेश कुमार, विवेकानंद, सुशील कुमार,जवाहर लाल यादव, अरविंद, अंकित, रमाकांत आदि ने कहा कि नदी ऐसे कटान करती रही तो भारी तबाही मच जाएगी। गांव वालों ने इसकी सूचना विधायक विनय वर्मा से की उन्होंने एसडीएम को अवगत करा तत्काल उपाय करने को कहा।
एसडीएम चंद्र भान सिंह ने कटान स्थल का निरीक्षण किया और नहर सिंचाई विभाग को निर्देश दिया कि कटान को रोकने के लिए बोरे में मिट्टी व बोल्डर रखकर बांध को सुरक्षित करें। लेकिन नहर विभाग के अधिकारी ने कहा कि यह हमारे कार्यक्षेत्र में नही है रिंग बांध का निर्माण ग्राम पंचायत व अन्य मद से किया जाता है। कटान को रोकने व गैप भरने के लिए गांव वालों ने प्रशासन से गुहार लगाई है।
एसडीएम चंद्र भान सिंह ने कहा कि बांध का निरीक्षण किया है। तेज धारा के कारण कुछ जगह कटान हो गई है। सिंचाई विभाग ने यह कहकर हाथ खींच लिया है कि यह हमारे कार्यक्षेत्र में नहीं है। गैप अधिक है शासन से बजट मिलने पर गैप को भरवाया जाएगा।