सुमहा गोली कांड में पिता-पुत्र गिरफ्तार
पुरानी रंजिश के कारण हुआ दोहरा हत्याकांड
नौ मार्च को सुमहा गांव चली थी गोली
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। पथरा बाजार थानाक्षेत्र के सुमहा गांव में नौ मार्च की देर शाम हुए दोहरे हत्याकांड में पथरा पुलिस ने पिता-पुत्र को क्षेत्र के टेड़िया चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस लाइंस में बुधवार को एसपी विजय ढुल ने जानकारी दी। एसपी विजय ढुुल ने बताया कि नौ मार्च की देर शाम पथरा थानाक्षेत्र के सुमहा गांव निवासी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू पांडेय (50) को घर के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह एक वर्ष 2011 में गांव में एक मठ के महंत का हत्यारोपी था। उसे आजीवन कारावास हुआ था और जमानत पर छूटकर घर आया था। गोली चलाने वाला अमित (30) बेगूसराय (बिहार) का निवासी था। भगाते समय घटना स्थल के कुछ दूरी पर कट्टे के बट से सिर में वार करके मार दिया गया था। इस मामले में गांव ही निवासी स्नेहा उर्फ संत कुमारी ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि अमित हमारे घर पर नौकरी करता था। चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू पांडेय के भाई ओमप्रकाश पांडेय और उनके बेटे राजू पांडेय ने पुरानी रंजिश के कारण हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी थी। बुधवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पिता और पुत्र क्षेत्र के टेड़िया चौराहे से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से हत्या में प्रयोग किया गया कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया। पूछताछ करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ महेंद्र चौहान, एसआई शशिप्रकाश सिंह, एसआई वकील यादव, आरक्षी धर्मेंद्र सिंह, मुकेश यादव आदि मौजूद रहे।