बिस्कोहर के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आवासीय परिसर में बंद छुट्टा पशु। संवाद
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
ग्रामीणें ने पशुओं को स्वास्थ्य केंद्र में किया बंद, स्वास्थ्य सेवाएं बाधित
छुट्टा पशुओं को पीएचसी परिसर में बंदकर बाहर से लगा दे रहे ताला
- प्रभारी चिकित्साधिकारी ने पुलिस और सीएचसी अधीक्षक से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिस्कोहर। नगर पंचायत बिस्कोहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किसान छुट्टा पशुओं को बंदकर गेट पर ताला लगा दे रहे हैं। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में दिक्कत हो रही है। मरीज भी इलाज कराने आने से कतरा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बिस्कोहर डॉ. एससी शर्मा ने इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस चौकी के साथ सीएससी अधीक्षक भनवापुर सिरसिया डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा से की। उन्होंने बताया कि आए दिन नगर के कुछ किसान अस्पताल के आवासीय परिसर में मनमानी तरीके से छुट्टा पशुओं को कैद करके बाहर से ताला लगा देते हैं। स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत अधिकारी व कर्मचारियों के मना करने पर भी नहीं मान रहे है।
इस संबंध में सीएससी अधीक्षक डा. शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि इसकी शिकायत कई दिनों से मिल रही है। मना करने पर भी लोग नहीं मान रहे हैं। गेट पर विभाग के द्वारा ताला लगवा दिया गया था, उसको भी किसानों ने तोड़ दिया।