संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। नवरात्र को लेकर डुमरियागंज नगर सहित तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की 85 प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार और की रविवार की देर शाम तक परंपरागत ढंग से किया गया। मां दुर्गा के भक्तों ने भक्ति गीतों और डीजे की धुन पर नाच गाकर राप्ती नदी के तट पर बने अस्थायी तालाब में विधि विधान से विसर्जन किया।
विजयादशमी शनिवार की देर शाम से लेकर रविवार की शाम तक विभिन्न स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर गाजे-बाजे के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। इसको लेकर डुमरियागंज नगर बैदोलागढ़ और ग्रामीण क्षेत्र के कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन भी किया गया। पूजा-अर्चना व भक्ति गीतों से वातावरण गुंजायमान रहा। गांव एवं कस्बों में मेला भी लगा। शाम करीब 7 बजे से विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक जारी रहा। डुमरियागंज नगर, बैदोलागढ़, बनगवा बरई, भनवापुर, भवानीगंज, भारतभारी, औराताल, बढ़नीचाफा, धोबहा, मन्नीजोत, भानपुररानी, मोतीगंज क्षेत्रों की दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन परंपरागत तरीके से शांतिपूर्वक हुआ।