तुलसियापुर। बढऩी ब्लॉक क्षेत्र के अर्री गांव के टोला अलगा में ग्राम प्रधान की ओर से एक सप्ताह पहले जेसीबी से नाले की खुदाई करने का विरोध ग्रामीणों ने किया था। अमर उजाला ने जेसीबी से नाली खुदाई का आरोप शीर्षक से प्रमुखता से बृहस्पतिवार को खबर प्रकाशित री थी। खबर प्रकाशित होने के बाद बृहस्पतिवार को ही बढऩी बीडीओ श्याम मनोहर मुरली मिश्र ने गांव में जाकर शिकायत की सत्यता की जांच की। बीडीओ ने बताया कि नाली निर्माण ग्राम पंचायत की कार्ययोजना में शामिल नहीं है। शिकायत सही है।
बढ़नी ब्लॉक क्षेत्र के अर्री के रहने वाले प्रभु यादव, राम विलास, तिलक राम, पारस, सोमई, रामहेत आदि ने विधायक, डीएम, सीडीओ, डीपीआरओ व बीडीओ से शिकायत कर कहा कि गांव में ग्राम प्रधान नाली निर्माण करवाने के लिए जेसीबी से खुदाई करवा रहे हैं। विरोध करने पर मुकदमा लिखवाने की धमकी भी दे रहे हैं।
बढऩी के ग्राम पंचायत अधिकारी संत अखिलेश्वर ने कहा कि प्रधान जबरन जेसीबी लगाकर खोदाई करा रहे थे। वह कार्ययोजना में शामिल नहीं है। बीडीओ बढ़नी श्याम मुरली मनोहर मिश्र ने कहा कि प्रधान की ओर से जेसीबी से जो खुदाई कराई जा रही थी, वह किसी भी कार्य योजना में शामिल नहीं है। अगर मानक के विपरीत कार्य किया गया तो भुगतान ही रोक दिया जाएगा। शासन की मंशानुरूप सभी प्रधान गांव में विकास का कार्य पूरी ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ कराएं वरना भुगतान नहीं होने दिया जाएगा।