सिद्धार्थनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और सकुशल संपन्न कराने के लिए चार स्तर पर निगरानी की व्यवस्था बनाई गई है। जिले के 116 परीक्षा केंद्रों को 17 सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर के परीक्षा केंद्रों की जिम्मेदारी संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट की होगी। तहसील स्तर पर पांच सचल दस्ते बनाए गए हैं।
16 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा के लिए सभी 116 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं भेजी जा चुकी हैं। शासन का पूरा जोर परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर है। हर परीक्षा केंद्र पर तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी डबल लॉक ऑलमारी से प्रश्नपत्र निकलवाकर परीक्षार्थियों को बंटवाने से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं को सील कराने तक होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक अवधेश नारायण मौर्य ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी हो चुकी है। केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं भेजी जा चुकी हैं। कक्ष निरीक्षकों की तैनाती हो चुकी है।परीक्षा केंद्र बने विद्यालयों में लगे वॉयस रिकाॅर्डर युक्त सीसीटी कैमरे को बोर्ड की ओर से चेक किया जा चुका है। परीक्षा सकुशल और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराई जाएगी।
बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे इतने परीक्षा
यूपी बोर्ड परीक्षा में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ गई है। पिछले वर्ष 55,351 परीक्षार्थी थे, जो इस वर्ष बढ़कर 62,182 हो गए हैं। इनमें हाईस्कूल के 38175 और इंटर के 24007 परीक्षार्थी हैं। इसके अलावा हाईस्कूल में 112 और इंटर में 1,490 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं।
इतने स्तर से होगी परीक्षा की निगरानी
विद्यालय स्तर, जनपद और प्रदेश स्तर पर सीसी कैमरे के जरिए हर केंद्र पर नजर रहेगी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर और सचल दस्ता भी केंद्र पर नजर रखेंगे।
-
आसपास बंद रहेंगी फोटो कॉपी की दुकानें
परीक्षा के दौरान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में पड़ने वाले सभी फोटो कॉपी और ऑनलाइन कार्य करने वाले साइबर कैफे बंद रहेंगे। परीक्षा के समाप्ति के बाद ही इस तरह ही दुकानें खुल सकेंगी। अगर कोई दुकान खोलेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-
16 फरवरी को होने वाली परीक्षा के प्रश्नपत्र भेजे गए
जिला विद्यालय निरीक्षक अवधेश नारायण मौर्य की देखरेख में रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज के डबल लॉक में रखे गए प्रश्नपत्रों में से 16 फरवरी काे हाेने वाली परीक्षा के प्रश्नपत्रों की कड़ी सुरक्षा में विद्यालयों को भेजा गया। हर गाड़ी मेें असलहा से लैश सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। राजकीय इंटर कॉलेज पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।