डुमरियागंज। नगर के राप्ती नदी तट स्थित परशुराम वाटिका में धर्म रक्षा मंच के तत्वावधान में दो दिवसीय राम राम कुश्ती दंगल का आगाज बृहस्पतिवार को हुआ। पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने सहारनपुर के गौरव पहलवान व हरियाणा के भूरा पहलवान हाथ मिलवाकर कुश्ती का शुभांरभ किया। उन्होंने कहा कि भारतीय खेलों में कुश्ती का महत्वपूर्ण स्थान है, कुश्ती से युवा शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हैं।
दंगल में नेपाल, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, अयोध्या, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के पहलवान सम्मालित हुए और कुश्ती के नए-नए दांव दिखाए। पहलवानों के दांव, पेच कुश्ती को देखकर दर्शक काफी रोमांचित हुए। दंगल में रेफरी की भूमिका मंगला पहलवान व संचालन की भूमिका हनुमान जायसवाल, केहर सिंह व भारत सिंह ने संयुक्त रूप से निभाई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी पंकज अग्रवाल, कन्हैया पासवान, बृज बिहारी मिश्रा, मधुसूदन अग्रहरि, लालजी बाबा, अनिल सिंह, दिलीप उर्फ छोटे पांडेय, पप्पू श्रीवास्तव, एसडीएम प्रवेंद्र कुमार, सीओ सुजीत राय, इंस्पेक्टर मुकेश राय, चंदन कुमार आदि ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कुश्ती आरंभ करवाया। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक तिलक साहू, चंद्र प्रकाश चौधरी, धर्मराज वर्मा, डॉ. दशरथ चौधरी, शैलेश सिंह, शत्रुहन सोनी, हरीश पांडेय आदि मौजूद रहे।
-
गौरव ने भूरा पहलवान को टांगदाऊ दांव से दी पटकनी
डुमरियागंज। दंगल की पहली कुश्ती में गौरव पहलवान ने भूरा को टांगदाऊ दांव मारकर धूल चटा दिया। गाजीपुर के विनोद पहलवान ने बिहार के राजेश को पटकनी दी। गोरखपुर के मुकेश ने सहारनपुर के शाहरुख, नेपाल के वीर थापा ने चंढीगढ़ के सोनी पहलवान, अयोध्या के बाबा पहलवान ने राजस्थान के काला चीता, रामकिशन बाबा ने शेरा पहलवान को शिकस्त दी। महिला पहलवानों में रोशनी ने शिवांगी, नम्रता ने संतोषी को हराया। प्रदीप शास्त्री ने रोमांचक कुश्ती में बदल को हराया। नौशाद गाजीपुर व रवि गोसाईगंज की कुश्ती बराबरी पर खत्म हुई। आखिरी कुश्ती प्रदीप शास्त्री हरिद्वार व फकीर बाबा पहलवान के मध्य बहुत जद्दोजहद के बाद बराबरी पर छूटी।