सिद्धार्थनगर। ग्राम रोजगार सेवक एकता संघर्ष समिति के आह्वान पर बृहस्पतिवार को रोजगार सेवकों की बैठक डुमरियागंज ब्लॉक सभागार में हुई। इसमें 2021 में मुख्यमंत्री की ओर से किए गए वादे को याद दिलाने के लिए ट्वीट अभियान चलाया गया।
रोजगार सेवक संघ के डुमरियागंज ब्लॉक अध्यक्ष हरिनिवास पांडेय ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक एकता संघर्ष समिति के प्रांतीय आह्वान पर समस्त रोजगार सेवक एवं मनरेगा कर्मियों ने बैठक कर ट्विटर महाअभियान के तहत ट्वीट किया।
4 अक्तूबर 2021 को डिफेंस एक्सपो वृंदावन लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मनरेगा कर्मियों का सम्मेलन किया गया था। जिसमें मुख्यमंत्री ने अपने मुख से मनरेगा कमिज़्यों एवं ग्राम रोजगार सेवकों के लिए निम्नवत घोषणाएं की थी। इसमें मनरेगा कर्मियों के लिए एक माह में एचआर पॉलिसी लाने, ग्राम रोजगार सेवकों की सेवा समाप्ति से पहले उपायुक्त मनरेगा की सहमति लेने, ग्राम रोजगार सेवकों के जॉब चार्ट में ग्राम्य विकास विभाग के अन्य कार्यों को जोड़ने, ईपीएफ समस्या खत्म करने का वादा किया था। लेकिन आज तक कोई वादा पूरा नहीं हुआ। कहा कि अगर वादा पूरा नहीं हुआ तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान उमाकांत वर्मा, आलोक, संतोष मौर्य, जुनैद अहमद, कुलदीप सोनी, मोहम्मद शाहिद, नंदलाल, ओमप्रकाश गौतम, रामसेवक, शिवसंगम शुक्ल, अमरेश यादव आदि मौजूद रहे।