समस्या लंबित होने से कर्मचारियों में नाराजगी
जिला पंचायत कर्मियों ने बैठक की, आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश जिला पंचायत कर्मचारी संघ जिला इकाई की बैठक हुई। इस मौके पर संवर्ग से जुड़े सात बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ। सर्वसम्मत से अपर मुख्य अधिकारी को मांगपत्र सौंपने का निर्णय लिया गया। जिला पंचायत सभागार में बुधवार को जिला पंचायत कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान वेतन भुगतान का प्रमुख मुद्दा छाया रहा। इसके अलावा कर्मचारियों के एसीपी का लाभ दिलाने, लंबित बोनस भुगतान देने, कृष्णकांत यादव का स्थानांतरण के समय का नौ माह का वेतन एवं वेतन वृद्धि, एसीपी आदि का लाभ नियमानुसार अविलंब दिलाने की मांग की गई। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला मंत्री सुजीत जायसवाल ने कहा कि लंबित मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो संगठन चुप नहीं बैठेगा। इस दौरान कमलेश यादव, राजेश श्रीवास्तव, अवधेश यादव, केशव प्रसाद, रवींद्र पाठक, रविप्रताप सिंह, अरविंद त्रिपाठी, दीपक सिंह आदि मौजूद रहे।